आईपीएल सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार — मास्टरमाइंड फरार माधवनगर पुलिस की दबिश, ढाई लाख का सामान जब्त

कटनी। आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह का माधवनगर पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, लैपटॉप और बैंक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। मामले का मुख्य सरगना पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया तथा नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माधवनगर संजय दुबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि माधवनगर क्षेत्र का निवासी मुकेश उर्फ मुक्कू पोपटानी ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद माधवनगर, कोतवाली पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने रफी किदवई वार्ड स्थित दुबे कॉलोनी में दबिश दी।
लैपटॉप से संचालित हो रहा था सट्टा
दबिश के दौरान पुलिस ने मुकेश उर्फ मुक्कू पोपटानी और सूरत (गुजरात) निवासी हितेश डायाभाई खूट (पटेल) को लैपटॉप व मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास सट्टा संचालन का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला।
मौके से बरामद हुआ सामान
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान
7 मोबाइल फोन10 बैंक पासबुक19 एटीएम कार्ड 1 लैपटॉपएटीएम स्वाइप मशीन जियो वाई-फाई राउटर
हिसाब-किताब रजिस्टर ₹4,800 नकद जब्त किए। बरामद सामग्री की कीमत लगभग ₹2.50 लाख आंकी गई है।
मकान मालिक निकला मुख्य सरगना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मकान मालिक गगन नाकरा के कहने पर सट्टा संचालन कर रहे थे। पुलिस दबिश से पहले ही वह फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैंक खातों की जांच की जा रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में माधवनगर थाना एवं कोतवाली पुलिस के साथ साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *