नगर निगम परिषद के निर्णय के बाद आयुक्त सुश्री परिहार ने जारी किए आदेश
कटनी / नगर पालिक निगम कटनी द्वारा जलकर उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। निगम परिषद के सामान्य सम्मेलन में पारित प्रस्ताव के आधार पर आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा आदेश जारी करते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु जलकर उपभोक्ताओं द्वारा जून 2026 तक 12 माह का जलकर, अग्रिम एकमुश्त जमा करने पर उन्हें एक माह की जलकर राशि में छूट प्रदान करने के निर्देश दिए है।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि इस निर्णय का उद्देश्य नागरिकों को राहत प्रदान करने के साथ – साथ समय पर राजस्व संग्रहण को प्रोत्साहित करना है। आदेश के अनुसार अब वित्तीय वर्ष 2026-27 से जलकर में चालू माह के मूलधन पर 5 प्रतिशत साधारण ब्याज की गणना करते हुए जलकर वसूली की जाएगी तथा अग्रिम भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को निर्धारित एक माह की जलकर राशि में छूट का लाभ दिया जाएगा।
हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा लाभ
उल्लेखनीय है कि नागरिकों द्वारा की जा रही निरंतर मांग एवं जनभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा अन्य नगर निगमों के नियमों का अध्ययन करने के बाद प्रस्ताव तैयार कर मेयर इन काउंसिल में रखा गया। जहां से अनुशंसा उपरांत निगम परिषद की बैठक में स्वीकृति हेतु भेजा गया। निगम परिषद से स्वीकृति मिलते ही निगमायुक्त द्वारा आदेश जारी कर इस निर्णय को लागू कर दिया गया है। इस निर्णय के लागू होने से नगर के हजारों जलकर उपभोक्ता लाभान्वित होंगे और निगम की लंबित वसूली में भी तेजी आएगी
निगम प्रशासन ने नागरिकों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए समय पर जलकर जमा करने की अपील की है।
🔶स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत आयोजित हो रही विभिन्न गतिविधियां
जन जागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को किया जा रहा स्वच्छता के प्रति प्रेरित
कटनी / स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में शहर को उत्कृष्ट स्थान दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम कटनी द्वारा व्यापक स्तर पर स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के लिए विभिन्न जन जागरूकता अभियानों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया जा रहा है।
स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी आदेश जैन ने बताया कि नगर निगम प्रशासन द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण को दृष्टिगत रखते हुए विशेष तैयारियों के क्रम में सोमवार को ओम साईं विज़न की टीम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों से स्वच्छता आधारित फीडबैक लिया जा रहा है। इस दौरान नागरिकों को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के महत्व के बारे में जागरूक कर नागरिकों को घरों में ट्विन बिन के नियमित उपयोग, गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण तथा कचरे को निर्धारित कचरा संग्रहण वाहन में ही देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वहीं “स्वच्छता की पाठशाला” के माध्यम से लोगों को स्वच्छता बनाए रखने एवं स्वच्छ सर्वेक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने हेतु जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला चिकित्सालय में विद्या लोक वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा फल वितरण कार्यक्रम के दौरान निगम की सहयोगी टीम के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया तथा नागरिकों से सकारात्मक फीडबैक भी प्राप्त किया गया।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता गतिविधियों में सहभागी बनकर अपने शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में श्रेष्ठ स्थान दिलाने में सहयोग प्रदान करें।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
