उमरियापान में जाम से राहगीर परेशान, अतिक्रमण बना बड़ी समस्या

उमरियापान[आशीष सोनी]। ढीमरखेड़ा से सिहोरा जाने वाले मुख्य मार्ग पर इन दिनों हर रोज भीषण जाम की स्थिति बन रही है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि पैदल चलने वाले राहगीरों के लिए भी निकलना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क के दोनों ओर व्यापारियों द्वारा दुकानें सड़क तक फैला लेने से मार्ग संकरा हो गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है। सुबह और शाम के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब वाहनों की संख्या बढ़ जाती है और लंबा जाम लग जाता है।
राहगीरों का कहना है कि जाम के कारण उन्हें समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत होती है, वहीं आपातकालीन स्थिति में भी रास्ता बाधित हो सकता है। कई बार छोटे-छोटे विवाद भी जाम के चलते देखने को मिलते हैं।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारी वर्ग से प्रशासन द्वारा सड़क पर अतिक्रमण न करने की अपील की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द ही ठोस कार्रवाई कर जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *