कटनी,[आशीष सोनी]कोटा जबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन को रीठी रेलवे स्टेशन में रोके जाने की मांग रेल रोको आंदोलन की चेतावनी
करोना महामारी के समय बंद की गई कोटा जबलपुर 19809/19810 एक्सप्रेस ट्रेन को पुनः रीठी रेलवे स्टेशन पर रोके जाने की मांग को लेकर रीठी क्षेत्र के नागरिकों एवं रेल संघर्ष समिति द्वारा पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक एवं संबंधित अधिकारियों के नाम रीठी रेलवे स्टेशन के प्रबंधक सुनील कुमार के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि कोटा जबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन कोविड काल के दौरान बंद की गई थी। जो आज तक चालू नहीं की गई है।यह ट्रेन रीड़ी रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन सुबह 8बजे गुजरती थी और करीब 10.30बजे जबलपुर पहुंचतीं थी। इस सवारी गाड़ी के माध्यम से रीठी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के छात्र छात्राएं को उच्च शिक्षा हेतु सुलभ एवं सस्ता आवागवन का साधन था। साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए सीधे जबलपुर पहुंचना सहज था व्यापारियों एवं मजदूर वर्ग के लोगों के लिए भी यह सवारी गाड़ी कटनी एवं जबलपुर आने जाने के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण थी। क्षेत्रीय जनता इस सवारी गाड़ी के चलने से काफी राहत में थी।
सवारी गाड़ी के रीठी रेलवे स्टेशन में नहीं रुकने के कारण रीठी एवं आसपास के लगभग पचास गांवों के ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर से इलाज के लिए जाने मरीज पढ़ाई करने वाले छात्र छात्राएं और रोजी-रोटी के लिए आने जाने वाले मजदूर वर्ग को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से रेलवे प्रशासन को चेतावनी दी गई है कि यदि कोटा जबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन को पुनः रीठी रेलवे स्टेशन में नहीं रोका गया तो क्षेत्र की जनता मजबूर होकर 12जून2026को प्रातः 08बजे से रीठी रेलवे स्टेशन पर रेल रोको आंदोलन करेगी।इस आंदोलन की संपूर्ण जिम्मेदारी रेल प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मुकेश कंदेले, महेंद्र जैन, अंकुश सोनी, संस्कार माॅझी, विपिन जैन,मयंक कंदेले, आशीष जैन, अज्जू बर्मन, हैप्पी अग्रवाल, कन्हैया बर्मन, सुरेंद्र साहू,अभी गुप्ता, जुगल किशोर बर्मन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, समाजिक कार्यकर्ता, एवं रेल संघर्ष समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
