कटनी,[आशीष सोनी]। कटनी के कोतवाली थाना क्षेत्र में रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) और शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) जवानों पर स्थानीय लोगों से मारपीट का आरोप लगा है। बैलट घाट क्षेत्र की महिलाओं और रहवासियों ने जवानों पर नशे की हालत में मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना की खबर जबलपुर में रेल एसपी व आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई है स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना 5 मार्च गुरुवार देर शाम की है। बस्ती के पास एक पेड़ के नीचे कुछ युवक नशा कर रहे थे। इसी दौरान आरपीएफ और जीआरपी के दो जवान वहां पहुंचे, जिससे युवकों से उनका विवाद हो गया और मारपीट शुरू हो गई। बताया गया कि शुरुआती विवाद के बाद दोनों जवान मौके से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद आरपीएफ और जीआरपी के सात से आठ जवान दोबारा वहां पहुंचे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन जवानों ने लोगों के साथ मारपीट की। इस दौरान एक युवक के साथ मारपीट की गई, और उसे बचाने पहुंची उसकी बहन को भी चोटें आईं। रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट करने वालों की तलाश में जवान घरों में घुस गए और वहां भी लोगों से मारपीट की।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
