नई परिवहन नीति के विरोध में 2 मार्च से बसों की अनिश्चितकालीन हड़ताल

कटनी[आशीष सोनी]। मध्यप्रदेश शासन की नई परिवहन नीति के विरोध में 2 मार्च 2026 से बसों की अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की गई है। इस संबंध में कटनी बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन द्वारा पत्रकारवार्ता आयोजित कर शासन के निर्णय का विरोध दर्ज कराया गया।

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने बताया कि सरकार द्वारा 24 दिसंबर 2025 को लागू किए गए नए नियमों में संशोधन करते हुए 29 जनवरी 2026 से निजी बसों को अनुबंधित किए जाने की व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत शासन द्वारा प्रदेश में गठित 7 निजी कंपनियों के साथ बस संचालकों को अनुबंध करना अनिवार्य किया गया है।

बस आपरेटर्स एसोशिएशन के अध्यक्ष शुभ प्रकाश मिश्र ने बताया की सरकार इस नीति से अतिरिक्त कर एवं टैक्स के साथ-साथ बसों के परमिट का नवीनीकरण अब प्रत्येक 6 माह में कराना पड़ेगा, जबकि वर्तमान में निजी बसों के परमिट 5 वर्षों के लिए स्वीकृत होते हैं और उनका नवीनीकरण भी 5 वर्षों के लिए ही किया जाता है। नई व्यवस्था से बस संचालकों पर आर्थिक एवं प्रशासनिक बोझ बढ़ेगा।

बस ऑपरेटर्स ने स्पष्ट कहा कि शासन द्वारा बनाई गई नई नीति को वापस लिया जाए। यदि शासन ने मांगों पर पुनर्विचार नहीं किया तो 2 मार्च से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

पत्रकारवार्ता में एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज गुप्ता, मनोज कुमार चौरसिया, राजेंद्र मिश्रा, प्रदीप गुप्ता, यादवेंद्र मिश्रा, रामजी पांडे सहित सभी पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।

एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसका सीधा असर आम यात्रियों पर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *