भोपाल–धनबाद त्रि-साप्ताहिक और भोपाल–चोपन साप्ताहिक एक्सप्रेस की शुरुआत, सांसद श्री वीडी शर्मा ने जताया रेल मंत्री का आभार*

कटनी[आशीष सोनी]। रेल मंत्रालय ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष तथा खजुराहो कटनी सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने इन दोनों ट्रेनों के शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रेल मंत्री श्री अश्वनी वैष्णव का आभार जताया है। सांसद श्री वीडी शर्मा के संसदीय क्षेत्र कटनी से होकर यह दोनों ट्रेनें गुजरेंगी जिससे रेल यात्रियों को यातायात में लाभ मिलेगा। रेलवे बोर्ड के पत्रांक 23 दिसंबर 2025 तथा वरिष्ठ मंडल संचालन प्रबंधक, भोपाल के पत्रांक 17 फरवरी 2026 के संदर्भ में यह निर्णय लागू किया गया है। इसके तहत भोपाल से धनबाद और चोपन (सीपीयू) के लिए नियमित एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत की जा रही है।

*भोपाल–धनबाद त्रि-साप्ताहिक एक्सप्रेस*

ट्रेन संख्या 11631/11632 भोपाल–धनबाद एक्सप्रेस त्रि-साप्ताहिक रूप से संचालित होगी। 11631 भोपाल–धनबाद एक्सप्रेस भोपाल से प्रत्येक सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार को प्रस्थान करेगी।

11632 धनबाद–भोपाल एक्सप्रेस धनबाद से प्रत्येक बुधवार, शनिवार और रविवार को चलेगी।

*भोपाल–चोपन साप्ताहिक एक्सप्रेस*

ट्रेन संख्या 11633/11634 भोपाल–सीपीयू (चोपन) एक्सप्रेस साप्ताहिक रूप से संचालित होगी।
11633 भोपाल–सीपीयू एक्सप्रेस भोपाल से प्रत्येक रविवार को चलेगी। 11634 सीपीयू–भोपाल एक्सप्रेस चोपन से प्रत्येक सोमवार को प्रस्थान करेगी।
24 फरवरी को दोनों ट्रेनों का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।
भोपाल–धनबाद त्रि-साप्ताहिक एक्सप्रेस की उद्घाटन यात्रा 24 फरवरी 2026 (मंगलवार) को भोपाल से शाम 7:30 बजे प्रारंभ होगी। वापसी में विशेष ट्रेन 25 फरवरी 2026 (बुधवार) को रात 11:00 बजे धनबाद से भोपाल के लिए रवाना होगी।

*कटनी मुड़वारा सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव*

उद्घाटन विशेष ट्रेन भोपाल से प्रस्थान कर विदिशा, गंज बसोदा, बीना, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, ब्यौहारी, सिंगरौली, चोपन, रेनुकूट, नगर ऊंटारी, गढ़वा रोड, डाल्टनगंज, लातेहार, रांची रोड, बोकारो थर्मल, चंद्रपुरा, कतरासगढ़ होते हुए अगले दिन शाम 7:20 बजे धनबाद पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन निर्धारित समयानुसार सभी प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करते हुए भोपाल पहुंचेगी।

*यात्रियों को होगा लाभ*

नई ट्रेनों के संचालन से मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, झारखंड और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधी एवं सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी। इससे व्यापार, रोजगार और आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से समय सारणी के अनुसार यात्रा करने और अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक स्रोतों से जानकारी प्राप्त करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *