सिहोरा[आशीष सोनी]। गुरुवार रात मंदिर की आरती और नमाज के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद पथराव की घटना से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। घटना के अगले दिन आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश करने के दौरान हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं की भीड़ एकत्र हो गई, जिससे माहौल और संवेदनशील हो गया तथा पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए सख्ती बरतनी पड़ी।
तनावपूर्ण वातावरण के बीच माध्यमिक विद्यालयों में परीक्षा का पहला पेपर होने से छोटे बच्चों को भय के माहौल में स्कूल पहुंचकर परीक्षा देनी पड़ी। अभिभावकों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता देखी गई। हालात पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पुलिस बल को लगातार दिशा-निर्देश देते रहे। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सघन निगरानी की गई, जबकि एडिशनल एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण करते रहे।
शनिवार सुबह घटना के तीसरे दिन हालात सामान्य होते नजर आए। लोग दैनिक कार्यों के लिए घरों से निकलने लगे और सुबह तक लगभग आधा बाजार खुल गया। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
