विदिशा[आशीष सोनी]। जिले के थाना त्यौदा क्षेत्र अंतर्गत कस्बा बागरोद में बुधवार सुबह उस समय तनावपूर्ण हालात बन गए जब 35 वर्षीय क्रांति बाई लोधी की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 146 पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से महिला की मौत हुई, लेकिन पुलिस राजनीतिक दबाव में आकर मामले में टालमटोल कर रही है।
मृतका के पति गोपाल सिंह लोधी ने आरोप लगाया कि डॉक्टर इलाज के बाद शव अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया, वहीं थाना प्रभारी ने एफआईआर दर्ज करने में लापरवाही बरती। परिजनों ने यह भी कहा कि पुलिस ने बिना सूचना दिए जल्दबाजी में पोस्टमार्टम करा दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह 8:30 से दोपहर 12:30 बजे तक हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
सूचना मिलने पर एसडीएम विजय राय और एसडीओपी मौके पर पहुंचे और परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। बाद में मृतका का दोबारा पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय में कराया गया तथा आरोपी डॉक्टर की क्लीनिक को सील कर दिया गया। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद परिजनों ने जाम हटाया और यातायात बहाल हो सका।
इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में झोलाछाप डॉक्टरों की गतिविधियों और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
