कटनी[आशीष सोनी]। अधिवक्ता संघ के आह्वान पर अधिवक्ताओं ने कार्य से विरत रहकर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन एक अधिवक्ता की गोली मारकर की गई निर्मम हत्या के विरोध में किया गया, जिससे अधिवक्ता समाज में गहरा आक्रोश एवं असुरक्षा की भावना व्याप्त है।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि न्याय व्यवस्था से जुड़े व्यक्तियों पर इस प्रकार के हमले लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अत्यंत चिंताजनक हैं। उन्होंने शासन एवं प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कठोर कार्रवाई की मांग की।
अधिवक्ताओं ने प्रदेश में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु प्रभावी कानून लागू किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। विशेष रूप से अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम (Advocate Protection Act) को शीघ्र लागू करने की मांग उठाई गई, ताकि अधिवक्ता निर्भय होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
अधिवक्ता संघ ने पीड़ित परिवार को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता (मुआवजा) प्रदान किए जाने तथा परिवार के एक सदस्य को शासकीय सेवा में नियुक्ति दिए जाने की भी मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का अभिन्न अंग हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना न्याय प्रणाली की गरिमा से जुड़ा विषय है। उन्होंने शासन से इस मामले में त्वरित एवं ठोस कार्रवाई करने का आग्रह किया।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
