कटनी,बाकल[आशीष सोनी]। जिले के थाना बाकल पुलिस ने “ऑपरेशन शिकंजा” के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 350 पाव देशी लाल मसाला शराब जब्त की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 63 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 35 हजार रुपये आंकी गई है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ग्राम मझगवां (बाकल) स्थित रामभरोस यादव ढाबा पहुंची। पुलिस को देखते ही मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का एक युवक, जिसके पास पीले रंग की बोरी और कार्टून रखा था, भागने का प्रयास करने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान कुनाल सिंह राजपूत (23), निवासी ग्राम बाकल, थाना बाकल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 180 एमएल की 350 सीलबंद देशी लाल मसाला मदिरा की बोतलें बरामद हुईं। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।
उक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के आदेशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी दिनेश तिवारी सहित सउनि बी.एम. चौधरी, सउनि ब्रजेन्द्र उरमलिया, प्रआर जोगेन्द्र तिवारी, प्रआर शिवसिंह, आर राजभान पटेल, आर कमलकांत यादव एवं आर रोहित सिंह की विशेष भूमिका रही।
पनागर से लाई जा रही थी शराब
थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी उक्त शराब पनागर क्षेत्र से लाया था,जिसे खपाने की तैयारी में था। शराब किस ठेकदार की हैं इसकी जानकारी नहीं है।
हालांकि, इस कार्रवाई के बाद कई सवाल भी उठ रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री लंबे समय से जारी है। यदि शराब ढाबे से जब्त हुई है तो ढाबा संचालक की भूमिका की जांच क्यों नहीं की गई? साथ ही, जब्त शराब किस ठेकेदार या किस अधिकृत दुकान से संबंधित है, इसका खुलासा अब तक नहीं किया गया है। नियमों के अनुसार यदि किसी ठेकेदार की शराब अवैध रूप से पाई जाती है तो संबंधित संचालक के विरुद्ध भी कार्रवाई का प्रावधान है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
