कटनी जबलपुर मार्ग पर अवैध प्लॉटिंग का बड़ा खेल उजागर

कटनी जिले के नेशनल हाईवे कटनी–जबलपुर मार्ग पर एक बार फिर अवैध प्लॉटिंग का मामला सामने आया है। स्लीमनाबाद क्षेत्र के भेड़ा मोड़, ठाकुर ढाबा के पास करोड़ों रुपये मूल्य की कृषि भूमि पर नियमों को ताक पर रखकर बड़े पैमाने पर अवैध प्लॉट काटे जा रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, बिना भूमि का कन्वर्जन कराए और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की अनुमति के बिना भू-माफिया खुलेआम कृषि भूमि की प्लॉटिंग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह पूरा खेल लंबे समय से चल रहा है, जिसमें राजस्व विभाग के कुछ जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत की भी आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे भू-माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। इस मामले में राजनीतिक संरक्षण के आरोप भी सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार, भाजपा के एक पूर्व जिलाध्यक्ष की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जानकारी होने के बावजूद संबंधित अधिकारी कार्रवाई से क्यों बचते रहे? क्या जिला प्रशासन और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग अब सख्त कदम उठाएगा, या फिर यह अवैध प्लॉटिंग का खेल यूं ही चलता रहेगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *