नागरिकों के 21 प्रकरणों पर हुई सुनवाई, 57 जल नमूनों का नागरिकों के ही समक्ष परीक्षण कर रिपोर्ट से कराया अवगत
कटनी (3 फरवरी ) – राज्य शासन एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर नागरिकों की पेयजल संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु मंगलवार 3 फरवरी को नगर के समस्त वार्डो में वार्ड स्तरीय जल सुनवाई का आयोजन किया जाकर नागरिकों के 21 प्रकरणों पर सुनवाई की गई। जल सुनवाई के दौरान गठित वार्ड स्तरीय कर्मचारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र के निर्धारित स्थलों पर उपस्थित रहकर नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए गए। इस दौरान उपस्थित आम नागरिकों से उनके यहां आपूर्ति किये जा रहे पेयजल के संबंध में फीडबैक भी लिया गया।
कार्यपालन यंत्री श्री सुधीर मिश्रा जल प्रदाय ने बताया कि मंगलवार को आयोजित वार्ड स्तरीय जनसुनवाई के दौरान कुल 21 नागरिकों द्वारा उपस्थित होकर अपनी समस्याओं एवं सुझावों से संबंधित प्रकरण प्रस्तुत किये। वहीं जल नमूनों की जांच कराने हेतु पहुंचे 57 नागरिकों की शंकाओं एवं शिकायतों का निराकरण उनके समक्ष ही जांच कराकर किया गया तथा परीक्षण रिपोर्ट से संबंधित नागरिकों को अवगत कराया गया।
विदित हो कि नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निगम प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर प्रयास किये जा रहे है। अभियान के अंतर्गत नगर निगम सीमा में पेयजल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई के साथ रोजाना नागरिकों से घर-घर संपर्क कर पानी के नमूने लिए जाकर आम नागरिकों को पेयजल की स्वच्छता एवं संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले में स्थित पानी की टंकियों, ओवरहेड टैंक, ट्यूबवैलों आदि की विधिवत सफाई भी करवाई जा रही है। वहीं हेल्पलाइन नंबर अथवा अन्य किसी भी माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों एवं समस्याओं का भी शीघ्रता से निराकरण कराया जा रहा है, ताकि पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
