कटनी। के झिंझरी क्षेत्र में लगभग छह वर्षों से रुका पड़ा आवासीय प्रोजेक्ट अब एक बार फिर शुरू हो गया है। यह परियोजना पूर्व ठेकेदार बलराम शुक्ला द्वारा अधूरी छोड़ दी गई थी। जानकारी के अनुसार, ठेकेदार को कई बार काम दोबारा शुरू करने के लिए बुलाया गया, लेकिन इसके बावजूद कार्य फिर से प्रारंभ नहीं किया गया।

नगर निगम सूत्रों के अनुसार, पूर्व ठेकेदार बलराम शुक्ला पर नगर निगम की ओर से लगभग सात करोड़ रुपये से अधिक की राशि के गबन के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस कारण से परियोजना लंबे समय तक ठप पड़ी रही और LIG व MIG वर्ग के हितग्राहियों को अपने मकानों के लिए वर्षों तक इंतजार करना पड़ा।

परियोजना की गंभीर स्थिति को देखते हुए नगर निगम कटनी, मध्यप्रदेश शहरी प्रशासन एवं विकास विभाग (UADD) तथा संबंधित सरकारी एजेंसियों ने मिलकर इस योजना को पुनर्जीवित करने का निर्णय लिया। इसके अंतर्गत LIG और MIG वर्ग के आवासीय विकास के लिए निविदा (टेंडर) प्रक्रिया शुरू की गई।
पहले और दूसरे टेंडर में कोई भी डेवलपर आगे नहीं आया। इसके बाद तीसरे टेंडर में ही असोटेक विंडसर ग्रुप ने इस परियोजना में रुचि दिखाई और प्रक्रिया के तहत कार्यभार संभाला। इसके साथ ही वर्षों से अटकी इस योजना को नई दिशा मिली।
असोटेक विंडसर ग्रुप को रियल एस्टेट क्षेत्र में लगभग 30 वर्षों का अनुभव है। कंपनी ने नोएडा, गुरुग्राम सहित देश के कई प्रमुख शहरों और भारत के विभिन्न राज्यों में आवासीय एवं व्यावसायिक परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा किया है।
अब यह ग्रुप झिंझरी, कटनी में इस परियोजना को एक आधुनिक गेटेड सोसाइटी के रूप में विकसित कर रहा है। प्रस्तावित सुविधाओं में स्विमिंग पूल, क्लबहाउस, बेहतर आंतरिक सड़कें, सुरक्षा व्यवस्था और आधुनिक जीवनशैली से जुड़ी अन्य सुविधाएँ शामिल हैं।
मध्यप्रदेश सरकार और नगर निगम के सहयोग से असोटेक विंडसर ग्रुप द्वारा छह वर्षों से बंद पड़े इस प्रोजेक्ट को फिर से जीवित करने का कार्य किया जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि इस प्रयास से न केवल स्थानीय विकास को गति मिलेगी, बल्कि लंबे समय से प्रतीक्षारत हितग्राहियों को भी राहत मिलेगी।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
