कन्या महाविद्यालय में पर्यावरणीय नियमों व अधिनियमों की दी गई जानकारी

संतोष मिश्रा, कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय कटनी में आज दिनांक 28 अगस्त 2025 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कटनी एवं क्षेत्रीय कार्यालय, मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कटनी के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण संबंधी अधिनियम/नियम, प्रदूषण के दुष्प्रभाव एवं पर्यावरण संरक्षण विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में जिला विधिक अधिकारी हर्षित विशेन एवं क्षेत्रीय अधिकारी सुधांशु तिवारी ने पर्यावरण अधिनियमों के प्रावधानों, प्रदूषण से होने वाले दुष्प्रभावों और नियंत्रण के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण संबंधी विधिक कार्यवाहियों पर भी प्रकाश डाला।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने कहा कि पर्यावरणीय नियमों और अधिनियमों की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुँचना आवश्यक है। समाज का हर व्यक्ति यदि इनका पालन करेगा तो स्वस्थ एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में विभागों को सार्थक सहयोग मिलेगा।

कार्यक्रम के समापन पर क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कटनी द्वारा उपस्थितजनों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कार्यशाला में प्रबुद्ध वर्ग, पर्यावरण प्रेमी, कन्या महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, छात्र-छात्राएँ तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *