हम भी बढ़े, आप भी बढ़े और प्रदेश को देश का नंबर वन राज्य बनाए

माइनिंग कॉन्क्लेव में पहुंचे मुख्यमंत्री ने किया उद्योगपतियों को संबोधित, कहा- व्यापार को बढ़ाव देने नियमों का किया सरलीकरण
कटनी। माइनिंग कॉन्क्लेव में कटनी पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति जियो और जीने दो की संस्कृति है। देश और दुनिया के अंदर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारे उद्यमी आगे बढ़ रहे हैं। मध्यप्रदेश में भी सभी संभावना है। प्रदेश में किसी बात की कमी नहीं है, पर्याप्त लैंड बैंक, पर्याप्त बिजली है। उन्होंने कहा कि जब पन्ना में हीरा मिल सकता है मध्यप्रदेश में सोना क्यों नहीं मिल सकता है। उन्होंने कहा की प्रदेश सरकार का मुखिया होने के नाते हमने सभी सेक्टरों में पारदर्शी नीतियां बनाई हैं। पहले हमने इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव किया और अब अलग-अलग सेक्टर में कॉन्क्लेव किया जा रहा है। हेल्थ सेक्टर, ऑटो सेक्टर सहित सभी सेक्टरों में कॉन्क्लेव किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे हर एक इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में शामिल होते हैं। उन्होंने उद्योगपतियों से कहा कि आप बड़े से बड़ा सपना देखो, सरकार आपके साथ खड़ी है। व्यापार में सभी प्रकार की संभावनाओं पर कार्य किया जा रहा है। सीमेेंट, कोयला, कॉपर सहित सभी मिनरल्स का व्यापार किया जाएगा। युवाओं को सभी प्रकार के तकनीकी कौशल के लिए प्रदेश सरकार ने अनुकूलताएं बनाई हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि 25 अगस्त को चार मेडीकल कॉलेज के लिए एमओयू किया जा रहा है। उन्होने कहा कि व्यापार उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार ने नियमों और नीतियों का सरलीकरण किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आइए हम भी बढ़े, आप भी बढ़ें और प्रदेश को देश का नंबर राज्य बनाएं। उन्होने कहा कि युवाओं की उन्नति के लिए सभी तरह के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। मध्यप्रदेश देश का दिल होने के साथ ही पाक साफ दिल है। उन्होंने कहा कि उद्योगपति अपना रूपए लगाकर रोजगार उपलब्ध कराता है। कार्यक्रम में राज्य शासन द्वारा क्रिटिकल मिनरल की खोज, प्रसंस्करण और संवर्धन के लिए कोल इंडिया लिमिटेड के साथ एवं खनन क्षेत्र में एआई, आईओटी, ब्लॉक चेन, रिमोट सेंसिंग के उपयोग के मद्देनजर धनबाद की टेक्समिन आईएसएम के साथ और खनिज अन्वेषण अनुसंधान के लिए भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान भोपाल के साथ एमओयू साइन किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *