आज शहनाज अख्तर की भजन संध्या व विशाल भंडारा

हजारों भक्तों के साथ निकली महादेव की बारात, नीलकंठेश्वर भक्ति धाम की 35वीं वर्षगांठ पर महाशिवरात्रि का विशेष आयोजन


विकास साहु, कटनी। जिले के विजयराघवगढ़ स्थित नीलकंठेश्वर भक्ति धाम में महाशिवरात्रि पर्व के साथ मंदिर की 35वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाई गई। हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। सलैया पडखुरी स्थित मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने मंदिर परिसर में लगे मेले से प्रसाद खरीदा और पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया। महादेव के साथ श्री गणेश, मां दुर्गा, हनुमान जी और राम-जानकी की भी पूजा की गई। भक्तों ने पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर पूजन किया। दोपहर में मंदिर प्रांगण से महादेव की विशाल बारात निकली। इसमें हजारों भक्तों के साथ विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां सजाई गईं। अन्य जिलों से मंगाए गए ढोल-नगाड़ों की धुन पर भक्तों ने जमकर नृत्य किया। आयोजक मदनलाल ग्रोवर, बाबू ग्रोवर और रुद्राक्ष ग्रोवर ने बारात का पुष्प वर्षा से स्वागत किया। बारात करीब एक किलोमीटर की दूरी तय करते हुए आगे बढ़ी। महिलाओं ने विवाह गीत गाए। ग्रोवर परिवार और मंदिर के सदस्यों ने पार्थिव शिवलिंग को सिर पर रखकर बारात में भाग लिया। आज 27 फरवरी को मंदिर में हवन के बाद दोपहर 12 बजकर 30 बजे से शहनाज अख्तर की भजन संध्या होगी। इसके साथ विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *