शिकायत दर्ज न करने का आरोप, चौकी में मारपीट और गाली-गलौज का मामला

कटनी। जिले के माधवनगर थाना अंतर्गत निवार चौकी से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने पुलिस पर शिकायत दर्ज न करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पहाड़ी निवार निवासी मनोज चौबे ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि 17 मार्च 2026 को वह बाजार में किराना सामान खरीदने गया था। इस दौरान मेन रोड पर 3-4 युवक कार खड़ी कर बैठे थे। गाड़ी हटाने की बात कहने पर युवकों ने उससे विवाद शुरू कर दिया।
घटना की सूचना पर 112 डायल पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को निवार चौकी, थाना माधवनगर ले जाया गया। आरोप है कि चौकी में उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई, बल्कि चौकी प्रभारी द्वारा उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।
पीड़ित का कहना है कि उसे रात करीब 9:30 बजे से 12:15 बजे तक चौकी में बैठाकर रखा गया और युवकों के पक्ष में राजीनामा करने के लिए दबाव बनाया गया। साथ ही युवकों द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इस संबंध में पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर एवं थाना माधवनगर को भी भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *