बरही में 14 मार्च को कृषि महोत्सव: 50 हजार एकड़ भूमि की सिंचाई योजनाओं के लिए सीएम का होगा आभार

कटनी[आशीष सोनी]। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए एक बड़ी सौगात और उत्सव का अवसर आ रहा है। आगामी 14 मार्च को बरही के मेला ग्राउंड, श्री विजयनाथ धाम में एक विशाल ‘कृषि महोत्सव’ और आभार रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे।

सिंचाई परियोजनाओं की मिली है बड़ी सौगात

हाल ही में भोपाल में हुई कैबिनेट बैठक के दौरान विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए दो महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र की लगभग 50 हजार एकड़ कृषि भूमि सिंचित हो सकेगी। इसी उपलब्धि के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने और मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए स्थानीय विधायक संजय सत्येंद्र पाठक (संजू भैया) के नेतृत्व में इस भव्य आभार रैली का आयोजन किया जा रहा है।

विधायक ने की क्षेत्रवासियों से अपील

विधायक संजय पाठक ने मंगलवार की दोपहर बरही में सम्पन्न हुई तैयारी बैठक के दौरान क्षेत्र के किसानों और आम जनता को भावुक संदेश देते हुए इस महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि “हर खेत को पानी” का सपना 2008 का है, जो अब हकीकत बन रहा है और यह उत्सव किसानों की समृद्धि का प्रतीक है। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, महामंत्री मनीष देव मिश्रा, पूर्व महामंत्री सतीश तिवारी, मंडल अध्यक्ष बरही जगदीश गुप्ता, पूर्व जनपद अध्यक्ष लालजी मिश्रा, उदयराज सिंह, नगर परिषद बरही के अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल, सुरेश सोनी कटनी सहित सिंगौड़ी, खितौली, कैमोर, विजयराघवगढ़ के मंडल अध्यक्ष, भाजपा के पदाधिकारीगण और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। बैठक का संचालक महामंत्री मनीष देव मिश्रा ने किया।

*विजयनाथधाम में तैयार हो रहा डोम*

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है और ‘बरही चलो’ के नारों के साथ व्यापक जनसंपर्क किया जा रहा है। सभा स्थल विजयनाथधाम स्थित मेला प्रांगण में डोम तैयार हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *