आगामी होली एवं रमजान पर्व को लेकर रीठी थाना प्रांगण में आयोजित हुई शांति समिति की बैठक

कटनी,[आशीष सोनी]आगामी होली एवं रमजान पर्व को लेकर रीठी थाना प्रांगण में आयोजित हुई शांति समिति की बैठक कटनी जिले के रीठी थाना प्रांगण में आज शनिवार दोपहर करीब 12 बजे आगामी होली एवं रमजान पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद खान एवं नायब तहसीलदार सहित नगर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, धार्मिक गुरू, व्यापारी वर्ग एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद खान ने कहा कि होली और रमजान दोनों ही पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और सद्भावना के प्रतीक हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचने की विशेष हिदायत दी गई। नायब तहसीलदार ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशासन की ओर से त्योहारों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति बनती है तो तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को सूचित किया जाए, जिससे समय रहते समाधान किया जा सके।
बैठक में उपस्थित नागरिकों ने भी अपने सुझाव साझा किए और प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। बाजार क्षेत्र, मस्जिदों एवं मंदिरों के आसपास विशेष निगरानी रखने, डीजे की ध्वनि सीमा का पालन करने तथा जुलूस मार्गों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष चर्चा की गई।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाएगी। अंत में सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने आपसी सौहार्द बनाए रखने और रीठी क्षेत्र में शांति व भाईचारे के साथ होली एवं रमजान मनाने का संकल्प लिया। बैठक का समापन आपसी संवाद और धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *