कटनी में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग पर अनियमितताओं के आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग

कटनी[आशीष सोनी] (19 फरवरी) – जिले के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में वाहन निविदा प्रक्रिया को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि विभाग में पदस्थ कार्यपालन यंत्री द्वारा टैक्सी परमिट वाले वाहनों को विभागीय कर्मचारियों के नाम पर स्वीकृति प्रदान की गई।
बताया गया है कि संबंधित वाहन पहले ही विभाग में लगा दिए गए, उसके बाद निविदा जारी की गई। आरोप है कि निविदा प्रक्रिया पारदर्शी नहीं रही और इसे ऑनलाइन पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं किया गया। एक बार निविदा निकाले जाने के बाद भी कोई विधिवत निविदा आमंत्रण पत्र जारी नहीं किया गया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि विभाग के बाबू, डीए तथा लेखा विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत से निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर वाहनों को स्वीकृति दी गई। आरोप है कि यह कार्य सगे-संबंधियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया, जिससे अन्य इच्छुक पक्षों को अवसर नहीं मिल सका।
शिकायतकर्ता के अनुसार, विभाग में लंबे समय से पुराने वाहन ही लगाए जा रहे हैं और अन्य विभागों की तुलना में अधिक दरों पर भुगतान किया जा रहा है। इसे भ्रष्टाचार की श्रेणी में बताया गया है।
शिकायतकर्ता ने संबंधित प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा न्याय दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *