नीलकंठेश्वर धाम में जुटने लगे श्रद्धालु महाशिवरात्रि पर बनेगा आस्था का केंद्र, आयोजन समिति तैयारियों में जुटी

विजयराघवगढ़ आशीष सोनी । क्षेत्र के प्रसिद्ध नीलकंठेश्वर धाम में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर अभी से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी है। हर वर्ष महाशिवरात्रि की रात्रि को यह धाम आस्था का प्रमुख केंद्र बन जाता है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन समिति द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सलैया–पड़खुरी मार्ग स्थित नीलकंठेश्वर भक्ति धाम, विजयराघवगढ़ नगर से लगभग 12 किलोमीटर दूर स्थित है। श्रावण मास एवं महाशिवरात्रि जैसे पर्वों पर यहां हजारों श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन हेतु पहुंचते हैं।
होगी सुमधुर भजनों की प्रस्तुति
आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक हेमंत ब्रजवासी (मथुरा) द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। नीलकंठेश्वर भक्तिमंडल ने समस्त श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर सपरिवार पहुंचकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करें।
संरक्षक व आयोजक संजय सत्येंद्र पाठक, मदनलाल ग्रोवर, बाबू ग्रोवर एवं रुद्राक्ष ग्रोवर ने श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचने की अपील की है।
जनआस्था का प्रकाश स्तंभ
अब नीलकंठेश्वर धाम केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि सनातन चेतना, शिव-शक्ति उपासना और धार्मिक परंपरा का जीवंत प्रतीक बन चुका है। श्रद्धालुओं का कहना है कि यह स्थल जनआस्था का प्रकाश स्तंभ बन गया है, जहां वर्षभर शिव भक्तों की भीड़ बनी रहती है।
नीलकंठेश्वर धाम की स्थापना शिव-शक्ति उपासक मदनलाल ग्रोवर द्वारा की गई थी। वर्तमान में इस परंपरा का निर्वहन बाबू ग्रोवर एवं रुद्राक्ष ग्रोवर द्वारा पूरी निष्ठा, सेवा भाव एवं समर्पण के साथ किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *