कटनी (12 फरवरी) – नगर निगम कार्यालय एवं विभिन्न जोन कार्यालयों में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई अब केवल शिकायत दर्ज कराने का मंच नहीं रह गई है, बल्कि यह नागरिकों को त्वरित एवं सहज सेवा उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम बनती जा रही है। निगमायुक्त तपस्या परिहार के संवेदनशील एवं जन-हितैषी नेतृत्व में जनसुनवाई व्यवस्था अधिक परिणामकारक और विश्वासयोग्य सिद्ध हो रही है।
हाल ही में आयोजित जनसुनवाई में ऐसे कई उदाहरण सामने आए, जिन्होंने यह प्रमाणित किया कि प्रशासन यदि प्रतिबद्धता और इच्छाशक्ति के साथ कार्य करे तो आमजन की जटिल समस्याओं का समाधान भी सरलतापूर्वक संभव है।
ई-केवाईसी के अभाव में बंद पेंशन हुई पुनः प्रारंभ
माधवनगर स्थित संत कंवरराम वार्ड, खैबर लाइन निवासी 73 वर्षीय श्रीमती पुष्पा देवी असरानी की कल्याणी पेंशन ई-केवाईसी पूर्ण न होने के कारण बंद हो गई थी। पेंशन पुनः प्रारंभ कराने हेतु वे लंबे समय से प्रयासरत थीं, किन्तु समाधान नहीं हो पा रहा था। मंगलवार को जोन कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचकर उन्होंने अपनी समस्या निगमायुक्त तपस्या परिहार के समक्ष रखी। निगमायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। पेंशन शाखा प्रभारी द्वारा अवगत कराया गया कि शासन के नवीन निर्देशों के अनुसार ई-केवाईसी पूर्ण न होने के कारण श्रीमती असरानी को अगस्त 2025 से पेंशन लाभ प्राप्त नहीं हो रहा था।
पेंशन शाखा प्रभारी सनद विश्वकर्मा ने बताया कि निगमायुक्त के निर्देश पर पेंशन शाखा के माध्यम से उनकी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराई जाकर पुष्पा देवी को पेंशन स्वीकृति आदेश क्रमांक 20171649/18/2026, दिनांक 11 फरवरी 2026 प्रदान किया गया। स्वीकृति आदेश प्राप्त होते ही श्रीमती पुष्पा देवी के चेहरे पर संतोष एवं प्रसन्नता झलक उठी। उन्होंने नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान संभव हो रहा है।
आवेदनों पर हो रही त्वरित कार्यवाही

जनसुनवाई के दौरान साफ-सफाई एवं पेयजल गुणवत्ता संबंधी शिकायतों पर भी सुनवाई के दौरान निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा फील्ड स्तरीय टीमों को मौके पर भेजकर समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जा रहा है। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त नवीन नल कनेक्शन, पेंशन सुविधा का लाभ प्रदाय करने हेतु प्राप्त आवेदनों जिसमें शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु शासन द्वारा निर्धारित प्रारूप में आवेदन के साथ दस्तावेजों की आवश्यकता होती है उन पर भी आवेदकों को सूचित करते हुए नियमानुसार पात्रता अनुसार लाभ प्रदान करने की कार्यवाही की जा रही है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
