हजारों साल से मनीषियों द्वारा अर्जित ज्ञान पुस्तकों में सुरक्षित, आइए पुस्तकों के पास। मानसरोवर कालोनी में ‘शहीद हेमू कालाणी स्मृति वाचनालय’ का शुभारंभ

कटनी। हमारे विद्वान – मनीषियों द्वारा अपनी कठिन साधना से समय समय पर अर्जित किया गया ज्ञान पुस्तकों के रूप में सहेजा गया है। पुस्तकें केवल स्कूली छात्र छात्राओं की शिक्षा के लिए ही उपयोगी नहीं होतीं बल्कि जन सामान्य के ज्ञानवर्धन – मनोरंजन बल्कि विविध विषयों में अध्ययन शोध करने वालों से लेकर धर्मपरायण लोगों के लिए भी प्रकाश पुंज की भूमिका निभाती हैं। सूचना संचार क्रांति के आधुनिक दौर में भी पुस्तकों की महत्ता कम नहीं है। कटनी शहर की मानसरोवर कालोनी स्थित शिकागो पब्लिक स्कूल में स्थापित हेमू कालाणी स्मृति वाचनालय जन सामान्य के लिए निश्चित ही एक प्रकाश पुंज का कार्य करेगा । इसकी पहल करने के लिए पत्रकार मुरली पृथ्यानी की पहल तथा इस पर आगे बढ़कर मोहन नागवानी द्वारा पुस्तकालय स्थापित किया जाना सराहनीय एवं अनुकरणीय कार्य है। जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। उक्तशय के विचार गत 2 फरवरी सोमवार को मानसरोवर कालोनी कटनी स्थित शिकागो पब्लिक स्कूल के एक कक्ष में स्थापित हेमू कालाणी स्मृति वाचनालय के शुभारंभ के अवसर पर वक्ताओं द्वारा व्यक्त किए गए।
उल्लेखनीय है कि ‘प्रबल सृष्टि’ साप्ताहिक समाचार पत्र संपादक मुरली पृथ्यानी द्वारा गत दिनों माधवनगर में एक पुस्तकालय स्थापित किए जाने की पहल को आगे बढ़ाते हुए प्रख्यात शिक्षा – पर्यावरणविद मोहन नागवानी द्वारा शिकागो पब्लिक स्कूल के एक कक्ष में अमर शहीद हेमू कालाणी की स्मृति में पुस्तकालय की स्थापना की गई है। पुस्तकालय में अखबार के साथ शिक्षण, साहित्य, पर्यावरण, विज्ञान, इतिहास, कला आदि विविध विषयों की लगभग 3 हजार पुस्तकें उपलब्ध हैं । साथ ही पाठकों की मांग पर उनकी इच्छित पुस्तकें भी उपलब्ध कराने हेतु श्री नागवानी जी द्वारा कहा गया है। माधवनगर सहित आसपास के प्रबुद्ध जन इस पुस्तकालय से लाभान्वित हो सकेंगे। इस अवसर पर सर्वश्री मोहन नागवानी, मुकेश चंदेरिया, श्री राम बजाज , संतोष पाण्डेय , राजेंद्र सिंह ठाकुर, मुरली पृथ्यानी एवं श्रीमती रानी खरे की उपस्थिति रही ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *