लाठी-डंडों से हमला, गोली चलने से सनसनी
विकास साहु,कटनी। रंगनाथ थाना अंतर्गत रामनिवास वार्ड में दो पक्षों में हुए विवाद के दौरान गोली चलने की खबर से सनसनी फैल गई है। मारपीट में तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने एक युवक को कट्टा कारतूस सहित पकड़ा है। रंगनाथ नगर थाना प्रभारी एसआई नवीन नामदेव ने बताया कि दो पक्षों में पुरानी रंजिश पर विवाद हुआ है। गोली चलने की सूचना मिली थी, मौके पर पहुंची टीम को गोली चलने जैसी जानकारी नहीं मिली। मौके पर कारतूस के खोखे भी नहीं मिले हैं। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मारपीट में संजय यादव, उनके छोटे भाई और बहन को चोटें आईं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संजय यादव ने पुलिस को बताया कि सूरज ठाकुर, रोशन ठाकुर और गोलू ठाकुर कट्टा लेकर धमकी दे रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सूरज ठाकुर को कट्टा और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि दो दिन पहले संजय यादव के परिवार का सूरज ठाकुर के परिवार से बाइक हटाने को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान संजय परिवार के साथ कुंभ जा रहे थे। रास्ते से बाइक हटाने को लेकर कहासूुनी हुई थी। जिसके बाद रविवार को लाठी-डंडों से मारपीट की गई। विवाद के दौरान वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई है। वहीं इस मामले में एक पीड़ित पक्ष की महिला चंदा यादव ने बताया कि उनके घर के बाहर गोली चलाई गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बढ़ते अपराधों से शहर में दहशत
शहर में बढ़ती अपराधिक गतिविधियों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। चोरी और लूट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पुलिस अपराधियों को पकड़ने में विफल साबित हो रही है। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के हाइवे में हुई दो लूट के मामलों के आरोपियों को एक महीन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी नहीं पकड़ा जा सका। बाकल क्षेत्र और कैमोर थाना क्षेत्र में हुई लाखों की चोरी के मामले में भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। लुटेरे, चोर फरार हैं और पुलिस कार्रवाई एफआईआर दर्ज करने की औपचारिकता तक की सिमटी हुई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के जिला अस्पताल से करीब दो महीने से भी अधिक समय पहले पुलिस अभिरक्षा से फरार हुई गांजा के आरोप में पकड़ी गई महिला का भी पुलिस के पास कोई सुराग नहीं है। इस घटना ने पुलिस विभाग की कार्यक्षमता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बढ़ते अपराध और पुलिस की विफलता से जनता का विश्वास डगमगा रहा है। लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस को अपनी जांच प्रक्रिया में तत्काल सुधार की आवश्यकता है। विशेष अभियान चलाकर अपराधियों को पकड़ना होगा। पुलिस को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा। तभी जनता का खोया हुआ विश्वास वापस लौट सकेगा।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे