संतोष मिश्रा, कटनी। ठंड के समय फिर से रात में गौण खनिज पदार्थों का अवैध तरीके से दोहन करने में कारोबारी लग गए हैं। रात में कई स्थानों पर खनिज का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। दोपहर बाद इन्हीं खनिज पदार्थों को कभी वैध ईटीपी तो कभी बगैर ईटीपी के ही ठिकाने लगाया जाता है। जानकारी लगने पर टिकरिया क्षेत्र में खनिज विभाग ने दबिश दी। यहां पर कई वाहनों की जांच की जिसमें एक हाइवा को बॉक्साइट का परिवहन करते हुए पाया गया। वाहन चालक से जब परिवहन के संबंध में दस्तावेज की मांगे गए तो उसके पास दस्तावेज नहीं मिले। खनिज विभाग ने हाइवा को जब्त कर लिया है। नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में कई जगहों पर अघोषित रूप से खदानों की भरमार है। बॉक्साइट के साथ-साथ मुरुम का भी अवैध रूप से खनन और परिवहन हो रहा है। ऐसा नहीं है कि इसकी जानकारी प्रशासन को समय-समय पर न लगती हो, लेकिन कार्यवाही की भनक इससे जुड़े कारोबारियों को पहले ही लग जाती है, जिसके चलते सूचना पर राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग कई बार संयुक्त रूप से कार्यवाही करने निकले लेकिन उन्हें बैरंग ही लौटना पड़ा।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे